बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के ओड़वारा बाजार में सहज जन सेवा केन्द्र संचालक उदयपुर निवासी राजकुमार चौधरी (32) पुत्र राम नरायन चौधरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसका बाइक, पर्स, चप्पल लावारिश हालत में पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित सबदेइया कलां गॉव के पास मिला, लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की है।
लापता युवक के पिता राम नरायन चौधरी ने पुरानी बस्ती थाना पर दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा राजकुमार मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ओड़वारा बाजार में सहज जनसेवा केंद्र चलाता है। मंगलववर की शाम वह बाइक लेकर किसी काम से बस्ती गया था। घर पर फोन कर बताया था कि वह किसी ढाबे पर खाना खा कर हाइवे के रास्ते घर वापस लौटेगा, लेकिन जब घर नही पहुचा और उसका मोबाइल स्विच भी ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों को किसी अनहोनी की चिंता सताने लगी। पिता ने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर घटना से अवगत कराया।
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर के माध्यम से जानकारी दी गई हैं। पुलिस रात्रि से ही उसकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।