महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 12 जनवरी: श्रीराम जन्मभूमि पर चल रही श्रीराम राग सेवा के दूसरे दिन शाम को संगीत का एक अद्भुत समागम देखने को मिला। इस अवसर पर संगीत जगत के जाने-माने कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण रहे प्रसिद्ध बांसुरी वादक पंडित राकेश चौरसिया। उन्होंने अपनी मधुर बांसुरी के सुरों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके बांसुरी वादन ने समूचे परिसर को एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभव प्रदान किया। इसके साथ ही, लोकप्रिय गायिका सुश्री शैलेश श्रीवास्तव ने भी अपनी सुरीली आवाज में बधवा, सोहर और मंगल गायन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया।
इस कार्यक्रम में संयोजक यतीन्द्र मिश्र के अलावा, कमिश्नर गौरव दयाल, आई जी प्रवीण कुमार, शरद शर्मा, उमेश पोरवाल, वीरेंद्र कुमार, पवन तिवारी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और भक्तजन उपस्थित रहे। सभी ने इस भव्य कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की। श्रीराम जन्मभूमि पर आयोजित श्रीराम राग सेवा में इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम भक्तों के लिए एक विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल धार्मिक भावनाओं को प्रोत्साहन मिलता है बल्कि भारतीय संस्कृति और संगीत की समृद्ध विरासत को भी जीवंत रखा जाता है।