बस्ती। नगर एवं कोतवाली थाना क्षेत्र के अपने मायके में रह रही दो विवाहिताओं ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में दोनो पीड़िताओं की तहरीर के आधार पर आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
नगर थाना क्षेत्र के नूरचक अपने मायके में रह रही शहनाज बेगम ने गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के जटेपुर उत्तरी न्यू चौहान टोला मोहनापुरनिवासी अपने पति जावेद, ससुर मो. इस्लाम, ननद सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग को लेकर मारने पीटने, प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। नगर पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि ससुराल वालों की प्रताड़ना, मारपीट के चलते उसका जीवन पूरी तरह असुरक्षित हो जाने के कारण वह अपने मायके में रह रही है। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र के कंचनटोला मोहल्ला निवासी खालिदा खातून ने महिला थाना पर दी गई तहरीर में संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के दुल्हापार निवासी अपने पति मकसूद अहमद, ससुर महमुदुल हसन, सास, तीन ननद, देवर पर दहेज में पांच लाख रूपए नगदी की मांग को लेकर मारने पीटने, गाली और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कहा है कि ससुराल में उसकाजीवन पूरी तरह असुरक्षित होने के कारण वह अपने मायके में रह रही है। तहरीर के आधार पर नगर और महिला थाना पुलिस दोनो मामलों में आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ आईपीसी , बीएनएस और डीपी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।