संपत्ति हड़पने के लिए कूटरचित फर्जी वसीयतनामा तैयार कराने में दो नामजद, अन्य अज्ञात पर मुकदमा

 

बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के गुलरिया सिरमा निवासी दो नामजद व अन्य अज्ञात पर धोखाधड़ी से कूटरचित फर्जी अपंजीकृत वसीयतनामा तैयार कराने, इसके आधार पर नामान्तरण वाद प्रस्तुत करने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के पिपराकला निवासी सरोजा पत्नी रमेश चन्द्र चौधरी ने कहा है कि उसका मायका गुलरिया सिरमा में है। वह अपनी मां की एक मात्र विधिक वारिस है। गुलरिमा सिरमा और परासी में उसकी मां की अचल सम्पत्ति है। सचिवालय लखनऊ में अनुसेवक पद पर कार्यरत रही उसकी मां स्व. मोहिनी देवी पत्नी स्व. पृथ्वीपाल का फर्जी हस्ताक्षर बनवाकर उसके चचेरे भाई विनोद कुमार चौधरी, संजय कुमार चौधरी ने कूटरचित अपंजीकृत वसीयत दो लोगों को साक्षी बनाकर तैयार कर लिया। इसी फर्जी वसीयतनामे के आधार पर नायब तहसीलदार कुदरहा के न्यायालय में दो नामान्तरण वाद प्रस्तुत किया। जब उसने अपनी मां के हस्ताक्षर के फर्जी होने के सम्बन्ध में सरकारी कार्यालय में बनाए गए मूल हस्ताक्षर एवं कूटरचित वसीयतनामें के हस्ताक्षर का विशेषज्ञ से मिलान कराया तो कूटरचित वसीयतनामें में उनकी मां का हस्ताक्षर फर्जी पाया गया। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत धोखाधड़ी, कूट रचना के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।