जायदाद के विवाद में हुई हत्या में आरोपी एक भाई गिरफ्तार

 

बस्ती । पैकोलिया थाना क्षेत्र के जीतीपुर में सम्पत्ति विवाद को लेकर लाठी, डंडे से पीट पीट कर उसकी हत्या कर देने के मामले में आरोपी उसके एक भाई को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गांव के बाहर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया है। गिरफ्तारी बाद अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर पुलिस ने उसे न्यायालय के लिए रवाना किया।
बता दें कि जीतीपुर निवासी अमेरिका वर्मा (32) की 22 नवम्बर की देर रात करीब साढ़े 11 बजे पीट पीट कर हत्या कर दी गई थी। उसकी पत्नी निर्मला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके पति और परिवार के अन्य लोगों के बीच जायदाद की बात को लेकर विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि उसके ससुर राम लखन वर्मा, सास मालती देवी, जेठ राम गनेश, देवर राजेन्दर, विनोद ने मिलकर उसके पति को लाठी डंडे से बेरहमी से इस कदर पीटा की उसकी मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी परसरामपुर ले जाया गया। जहां से डाक्टर ने उसे श्रीराम अस्पताल अयोध्या के लिए रेफर कर दिया। अयोध्या अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।हत्या के इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित बीएनएस की अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एक आरोपी की पुलिस ने गिरफ्तारी की है।अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।