भीषण हादसा, कार नाले में गिरने से मां-बेटी सहित 5 की मौत

सिरोही ,24 अक्टूबर कार के हाईवे से नाले  में गिरने के कारण उसमें सवार मां-बेटी सहित 5  लोगों की मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से घायल है। हादसा ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे पर आज सुबह करीब 7.15 बजे टायर फटने के कारण हुआ। कार सवार दाहोद (गुजरात) से फलोदी (राजस्थान) आ रहे थे।
हादसे की सूचना पर सिरोही कलेक्टर अल्पा चौधरी, एसपी अनिल कुमार और डीएसपी मुकेश चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर सिरोही हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जानकारी देते हुए डीएसपी मुकेश चौधरी ने बताया कि कोतवाली थाना इलाके में ब्यावर-पिंडवाड़ा एनएच-62 पर थानेश्वरजी पुलिया के पास कार का टायर फट गया। स्विफ्ट कार डिवाइडर को तोड़ती हुई हाईवे से नीचे नाले में गिर गई।