आबकारी विभाग द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में माह सितंबर तक 22,563.15 करोड़ रुपये का आबकारी राजस्व अर्जित किया गया है, जो गत वर्ष की समान अवधि के सापेक्ष 2,336.60 करोड़ रुपये अधिक है। माह अक्टूबर, 2024 में अद्यतन 270.66 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्तियां हो चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने बताया कि माह सितंबर, 2024 में 3,246.15 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्तियाँ सुनिश्चित की गई हैं, जबकि सितंबर के लिए 4,100.00 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित था। सितंबर माह में कई जनपद बाढ़ से प्रभावित थे, जिससे मदिरा उठान और उपभोग प्रभावित हुआ है, और इस कारण राजस्व में कमी दर्ज की गई है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि आने वाले माहों में राजस्व के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया जाएगा।आबकारी मंत्री ने आगे बताया कि विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें प्रवर्तन कार्य पर विशेष बल दिया जा रहा है। माह सितंबर में आबकारी टीम द्वारा प्रदेश भर में कुल 78,462 छापे मारे गए, जिनमें 9,119 अभियोग दर्ज किए गए और 2,67,894 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई। तस्करी में लिप्त 16 वाहन जब्त किए गए और 2,004 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनमें से 334 व्यक्तियों को जेल भेजा गया।आबकारी मंत्री ने बताया कि विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग लिया जा रहा है। अनुज्ञापित परिसरों की निरंतर चेकिंग कराई जा रही है और अवैध कार्य करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। प्रत्येक सप्ताह अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर राजस्व प्राप्तियों की समीक्षा की जा रही है, जिससे अवैध मदिरा एवं अवैध मद्यनिष्कर्षण से उत्पादित मदिरा की बिक्री पर अंकुश लगा है और वैध मदिरा की बिक्री से राजस्व पर अनुकूल प्रभाव पड़ा है।
आबकारी विभाग द्वारा जारी किए गए वर्तमान वित्तीय वर्ष में अर्जित राजस्व के आंकड़े
—————————— ———–