दो पड़ोसियों पर घर में घुसकर सोने, चांदी के जेवरात चोरी करने का आरोप

 

बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ी चौहान गांव निवासी किरन सोनी पत्नी वृजेन्द्र कुमार सोनी ने अपने दो पड़ोसियों पर सोने, चांदी का जेवरात चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि 4 सितम्बर को वह अपने घर में ताला लगाकर अपने मायके देइडीहाखुर्द चली गई थी। दो दिन बाद वहां से वापस लौटी तो मकान के दूसरे तल के कमरे में रखी आलमारी का लाक टूटा मिला, आलमारी खुली और सामान बिखरा मिला। आलमारी में रखा सोने का झाला, लाकेट, मंगलसूत्र, कान की कील, बिछिया, पायल, जूड़ा कांटा, टप्स आदि गायब मिला। कहा है कि उसके छत पर जाने का रास्ता पड़ोसी राजकुमार सोनी, रवि सोनी के घर से जाता है। आरोप लगाया है कि उन दोनो द्वारा ही चोरी की गई या कराई गई है। मामले में तहरीर के आधार पर दोनो आरोपियों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।