चोरों ने शिक्षक के घर को बनाया निशाना

कुदरहा, बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के छरदही गांव में चोरों ने शिक्षक के घर को निशाना बनाया। सोमवार की रात छत के सीढी का दरवाजा काट कर आलमारी में रखा दो लाख नगदी व बीस लाख के जेवरात ले कर फरार हो गए। स्वजनो ने डायल 112 व चौकी इंचार्ज गायघाट को घटना की जानकारी दी। एसओ कलवारी व एसओजी टीम देर शाम को पहुंच कर साक्ष्य जुटाने में जुटी रही।

        छरदही गांव में एक तरफ गायघाट चौकी की पुलिस टीम मोटरसाइकिल से हूटर बजाते व टार्च की लाइट जलाते गांव में गस्त कर रही थी वही दूसरी तरफ चोर शिक्षक के घर को लूटने में जुटे थे। गांव के त्रिलोकी नाथ दुबे पुत्र अद्या प्रसाद के घर के छत पर चढ कर सीढी का दरवाजा कटर मशीन से काट कर कुंडी खोल कर घर में घुस गए। एक कमरे में शिक्षक अभिषेक दुबे बगल के कमरे में माता ललिता देवी और बरामदे में चाचा त्रिलोकी नाथ दुबे सो रहे थे। सामने कमरे में आलमारी व बड़ा बाक्स रखा था। आलमारी का लाकर काट दो लाख नगद व झुमकी, नथिया, बेदी, झाला, तीन लाकेट, मंगलसूत्र, दस जोड़ी पायल, नौ विदिंया, चार अंगूठी, सीकड, तीन जोड़ी बाली उठा ले गए। त्रिलोकी नाथ दुबे ने बताया कि हम दो भाई है बडे भाई लखनऊ सचिवालय में माध्यमिक शिक्षा विभाग में तैनात है। आधा परिवार लखनऊ में रहता है और तीन लोग यहां रहते है। पांच वर्ष पूर्व एक बार और चोर चोरी करने आए थे। घर के लोगों को आहट लगा तो जूता छ्त पर ही छोड कर भाग गए थे। लड़की की शादी करनी थी। उसका भी जेवर उठा ले गए। पच्चीसों लाख रुपए का नकसान हो गया। कुछ भी घर में नही बचा। गांव में पुलिस पहरा भी दे रही थी इसके बाद भी चोरी हो गया। पीड़ा बताकर फफक कर रोने लगे।

       इस संबंध में थानाध्यक्ष कलवारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। टीम जांच कर रही है कार्यवाही की जाएगी।