मजबूत चार्जसीट व  पैरवी से 396 व्यक्तियों को मिली सजा

बस्ती: आपरेशन कनविक्शन अभियान के तहत पहली जनवरी से लेकर 31 अगस्त 2024 तक 225 मुकदमों में मजबूत चार्जसीट व प्रभावी पैरवी करके अदालत से 396 अपराधियों को सजा दिलाई गई है। आपराधिक मुकदमों में सजा दिलाने के लिए थानों पर तैनात पैरोकार तथा न्यायालयों में तैनात कोर्ट मोहर्रिर अहम कड़ी होते हैं। न्यायालयों में ट्रायल पर चल रहे ऐसे मुकदमे जो नतीजे के करीब हैं, उनमें अपराधियों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी क्रियान्वन तथा फीडबैक से मुकदमों से अब सार्थक परिणाम मिलने लगे हैं। आरोपितों को सजा कराने को हर थाने के पैरोकारों को गंभीर अपराध के मुकदमों का टास्क दिया गया है। सजा दिलाने में कामयाब होने वाले पैरोकारों को पुरस्कृत किया जाता है। बीते आठ महीने के दौरान हत्या, पाक्सो, दुष्कर्म, लूट, डकैती, चोरी, गृहभेदन और गोकशी जैसे अन्य आपराधिक मुकदमों के दोषियों को उम्र कैद से लेकर दस साल से अधिक की सजा हुई है। हत्या के आठ मुकदमों में 14 अपराधियों को, पोक्सो के 13 मुकदमों 22 को, दुष्कर्म के चार मामलों में चार को,डकैती के दो मुकदमों में आठ व्यक्तियों को, चोरी के 16 केस में 19 को, गृहभेदन के दस मामले में दो को तथा अन्य छोटे मोटे 178 अपराधों में 327 लोगों को अलग-अलग श्रेणी की सजा दिलाई गई। जिसमें उम्र कैद, 20 वर्ष की सजा, 15 से 19 साल की सजा, दस से 14 वर्ष, पांच से नौ वर्ष तथा पांच वर्ष तक की सजा तथा अर्थदंड शामिल है। इसी अभियान के तहत सक्रिय अपराधियों के गैंग को भी चिंहित किए गए हैं।


पुलिस का काम सिर्फ अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजना ही नहीं, बल्कि अदालत में प्रभावी पैरवी कर उन्हें सजा दिलाना भी है। पुलिस के कोर्ट मानीटरिग सेल की प्रभावी पैरवी से बीते आठ माह में लंबित 225 मुकदमों में 396 आरोपितों को मजबूत चार्ज सीट व प्रभावी पैरवी कराके दोष सिद्धि कराके अदालत से सजा दिलवाई गई है। पुलिस का दावा है कि इससे अपराधियों में भय का माहौल बनेगा।- गोपालकृष्ण चौधरी, पुलिस अधीक्षक बस्ती