सांड से बचने के लिए भागे किसान की करंट की चपेट में आने से मौत

 

बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के बैरागल गांव में विद्युत पोल में लगे स्टेक में उतर रहे करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। करंट की चपेट में आकर गम्भीर रूप से झुलसी अवस्था में परिजन इलाज के लिए उन्हे मेडिकल कॉलेज कैली ले गये, जहां परीक्षण उपरांत डााक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दुबौलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार दुबौलिया थाना क्षेत्र के बैरागल गांव निवासी सत्यराम यादव (54) सोमवार की सुबह घर के सामने स्थित अपना खेत देखने जा रहे थे। इस बीच रास्ते में लड़ रहे दो बिगड़ैल सांड उनकी ओर दौड़ पड़े, जिनसे बचने के लिए वह भागे। थोडी दूर पर रास्ते के किनारे लगे विद्युत पोल के सपोर्ट स्टेक में उतर रहे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन इलाज के लिए उन्हे चिलमा कस्बे में निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने जबाव दे दिया। इसके बाद परिजन उन्हे लेकर मेडिकल कॉलेज कैली पहुंचे।जहां परीक्षण उपरांत डाक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।