गोरखपुर में ठंडी हवा  से लोगों को आराम , कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने का संभावना

लखनऊ – उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रविवार को बादल छाये रहेंगे, यहां वर्षा के भी आसार हैं। गोरखपुर में रविवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर एक से दो बार बूंदाबांदी से लेकर बौछार पड़ सकती है। देवरिया और बस्ती में भी छिटपुट बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

अंबेडकरनगर में काले बादल आए, मानसूनी बारिश का अभी इंतजार

सावन मास का एक पखवाड़ा बीत चुका है, लेकिन वांछित बारिश नहीं हुई। ऐसे नहीं कि बारिश के आसार नहीं दिखे, लेकिन काले बादल मायूस करके लौटते रहे हैं। शनिवार को सुबह से काले बादलों की आवाजाही लगी रही, लेकिन बारिश होने का इंतजार अभी टूट नहीं सका। शाम होने तक कभी मौसम साफ तो कभी घनी बदली से तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया।

आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विवि कुमारगंज अयोध्या मौसम विज्ञानी डा. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शनिवार को तापमान अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा की गति 6.2 किलोमीटर प्रति घंटे उत्तरी-पूर्वी रिकार्ड हुई है। आगामी 24 घंटे में हल्के मध्यम बादल छाए रहने एवं कहीं कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। औसत तापमान सामान्य रहने की संभावना है।