बस्ती जुलाई उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले मे बहुचर्चित मोहित उर्फ रत्नेश यादव अपहरण कांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। वारदात में प्रयुक्त महिन्द्रा एक्सयुवी, अपाची व स्कूटर बरामद कर लिया गया है। अपहरण की वजह अपह्रत द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग किया जाना बताया गया है। हालांकि अपह्रत मोहित का पता नहीं चल सका है। शहर के कोतवाली थानाक्षेत्र के पिकौरादत्तूराय मोहल्ले से शुक्रवार को दिन दहाड़े फिल्मी अंदाज में हुए अपहरण के मामले में पुलिस को तीसरे दिन अपहर्ताओ का मोटिव पता चल गया है। इस बात की जानकारी देते हुए पुलिस कप्तान गोपालकृष्ण चौधरी ने बताया कि आरोपियों में एक सत्यम कसौधन का मोहित ने अश्लील वीडियो बना लिया था। इसी वीडियो को वायरल करने के नाम पर वह हमेशा ब्लैकमेल करता रहता था। कई बार मोहित उससे रुपये ले चुका था। ब्लैकमेलिंग से परेशान सत्यम कसौधन ने अपने साथियों से मिलकर उसे हटाने की साजिश रची और उसके अपहरण की प्लानिंग कर डाली और 12 जुलाई 24 को वारदात को अंजाम दे दिया। एसपी ने बताया कि अब तक मोनू जायसवाल, अमन गुप्ता, करन जायसवाल और सादिक उर्फ सुद्दु नौडी को स्वाट, एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली एसएचओ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। फरार लोगों के उपर 25-25 हजार रूपये का इनाम रखा गया है पुलिस इन्हें पकड़ने का हर संभव प्रयास कर रही है।