परिवार परामर्श केंद्र की पहल से टूटने से बचा परिवार, दंपती ने साथ रहने का लिया संकल्प
पुलिस लाइन के प्रेक्षागृह में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराकर कराया गया समझौता
बहराइच, 29 नवंबर। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस लाइन बहराइच स्थित प्रेक्षागृह में परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने एक पारिवारिक विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण कराते हुए एक परिवार को बिखरने से बचाया।
जानकारी के अनुसार, आपसी पारिवारिक विवाद को लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष सुलह के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर फहीम किदवई, रजनीश विश्वकर्मा और अनुराधा श्रीवास्तव तथा पुलिस टीम के प्रभारी रमाशंकर मिश्रा, महिला आरक्षी अनन्या सिंह, छाया और सविता ने शिकायतकर्ता की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना। दूसरे पक्ष से संपर्क कर उन्हें भी पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह बुलाया गया।
दोनों पक्षों की बात सुनने और समझाने-बुझाने के बाद आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया गया। इस दौरान दंपती ने भविष्य में आपस में लड़ाई-झगड़ा न करने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए खुशी-खुशी साथ रहने का संकल्प लिया।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दंपती को आपसी सामंजस्य, विश्वास और समझदारी के साथ वैवाहिक जीवन बिताने तथा एक-दूसरे के प्रति अपने पारिवारिक दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करने की सलाह दी।
पुलिस की इस पहल से एक परिवार टूटने से बच गया। पुलिस का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का संवाद और आपसी समझ के माध्यम से समाधान कर सामाजिक रिश्तों को मजबूत बनाए रखना है।






Views Today : 24165
Who's Online : 16