देवमी स्कूल के बच्चों ने गोरखनाथ मंदिर, चिड़ियाघर और रामगढ़ ताल का किया भ्रमण
बस्ती। राष्ट्रीय विज्ञान आविष्कार कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को बनकटी ब्लॉक स्थित पीएम श्री कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय देवमी के 140 छात्र-छात्राओं को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने गोरखपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध नाथ संप्रदाय की तपस्थली गुरु गोरखनाथ मंदिर, चिड़ियाघर एवं रामगढ़ ताल का भ्रमण किया।
प्रधानाध्यापक मोहम्मद इकबाल ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान विषय के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उनके रचनात्मक एवं सृजनात्मक कौशल का विकास करना है। उन्होंने कहा कि कक्षा में पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्रत्यक्ष अवलोकन से बच्चों को नई चीजें सीखने और समझने का अवसर मिलता है। विभिन्न स्थानों का भ्रमण बच्चों के ज्ञानवर्धन के साथ उनके अनुभवों को भी समृद्ध करता है।
उप शिक्षा निदेशक संजय कुमार के निर्देशन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी के मार्गदर्शन तथा खंड शिक्षा अधिकारी बनकटी रजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न स्थलों के महत्व की जानकारी दी। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी बनकटी राजेश कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में जिज्ञासा, अवलोकन क्षमता और सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने में सहायक होते हैं।






Views Today : 24171
Who's Online : 16