दंपति ने मेडिकल कॉलेज को दान किया अपना शरीर

बस्ती, 18 नवंबर। मानव सेवा और समाज के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल पेश करते हुए संतपुर, द्विजेश मार्ग, बस्ती निवासी राधेश्याम सेवानिवृत्ति लैब टेक्नीशियन एवं उनकी पत्नी निर्मला देवी सेवानिवृत्ति महिला हेल्थ सुपरवाइजर ने मृत्यु के उपरांत अपना पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज बस्ती को दान करने की पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली है। मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को दंपती ने देहदान से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर लिया।

दंपती के इस निर्णय को चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। देहदान के माध्यम से मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना का व्यावहारिक अध्ययन करने का अवसर मिलेगा, जिससे चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में ज्ञान और अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा।

राधेश्याम और निर्मला देवी का यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अपने इस निर्णय से संदेश दिया है कि मृत्यु के बाद भी मानव शरीर चिकित्सा शिक्षा और मानव कल्याण के काम आ सकता है।

दंपती का यह संकल्प देहदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। उनका मानना है कि जीवन के बाद भी उनका शरीर मानवता की सेवा में उपयोगी हो सके, इससे बड़ी संतुष्टि और क्या हो सकती है।

देहदान के इस निर्णय से दंपती ने मानव सेवा और चिकित्सा विज्ञान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।