शिक्षकों ने बनाई आन्दोलन की रणनीति, 16 से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

शिक्षकों ने बनाई आन्दोलन की रणनीति, 16 से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

 

पदोन्नति में देरी बर्दाश्त नहीं, शिक्षकों के अधिकारों के लिए जारी रहेगा संघर्ष – चन्द्रिका सिंह

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। परिषदीय शिक्षकों की लंबित पदोन्नति, प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रधानाध्यापक पद के अनुरूप वेतन भुगतान और बकाया एरियर सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। जिला कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार 16 नवंबर से बीएसए कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। वहीं, प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर 18 नवंबर को भी बीएसए कार्यालय पर जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित होगा।आंदोलन की रणनीति तैयार करने और शिक्षकों की समस्याओं पर विचार-विमर्श के लिए शुक्रवार को प्रेस क्लब सभागार में संघ की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मांडलिक मंत्री एवं जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने की। इसमें पदोन्नति, वेतन भुगतान, संगठनात्मक निर्वाचन, शैक्षिक सत्यापन सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति लंबे समय से लंबित है। इससे पात्र शिक्षकों को उनके अधिकार और सेवा लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है। विभाग को बिना अनावश्यक देरी किए पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और सेवा संबंधी मामलों को लेकर गंभीर है। मांगों के समाधान के लिए जिला स्तर पर अनिश्चितकालीन धरने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर आंदोलन में सहभागिता करने की अपील की। संघ के मंत्री बालकृष्ण ओझा ने प्रभारी प्रधानाध्यापकों के वेतन भुगतान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रभारी प्रधानाध्यापकों के वेतन और लंबे समय से लंबित बकाया भुगतान का निस्तारण प्राथमिकता पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक पूरी जिम्मेदारी से विद्यालय का संचालन कर रहे हैं, ऐसे में उनके वित्तीय और सेवा संबंधी मामलों को लंबित रखना उचित नहीं है। विभाग को इस दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए। जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव ने कहा कि शिक्षकों की समस्याएं केवल पदोन्नति और वेतन तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने शिक्षकों के शैक्षिक सत्यापन की प्रक्रिया रोके जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सत्यापन के नाम पर शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जानी चाहिए। बैठक में बस्ती सदर ब्लॉक के संगठनात्मक निर्वाचन को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही ब्लॉकवार शिक्षकों की समस्याओं की समीक्षा कर उनके निस्तारण की रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन शिक्षकों के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संघर्ष करेगा। बैठक में स्पष्ट किया गया कि 16 नवंबर से जिला कार्यकारिणी के निर्णय पर बीएसए कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा, जबकि 18 नवंबर को प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने शिक्षकों से दोनों कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

बैठक में मुख्य रूप से हरेंद्र यादव, अविनाश चन्द्र दूबे, बृजेश कुमार सिंह, चंद्रशेखर पाण्डेय, बब्बन पाण्डेय, प्रद्युम्नधर द्विवेदी, विनय सिंह, बृजेश कुमार त्रिपाठी, डॉ अनूप सिंह, बिंदेश्वरी मिश्र, नंदलाल, शिवरतन, रमेश विश्वकर्मा, मंगल मौर्य, राजेश यादव, अनिल कुमार, राजेश गिरी, संतोष कुमार मिश्र, रजनीश यादव, अशोक यादव, उमाशंकर, अमित सिंह, चितरंजन, हरि गोपाल शुक्ल, सुधीर कुमार, अखिलेश पाण्डेय, मुरलीधर, अटल बिहारी उपाध्याय, रंजन सिंह, दिनेश सिंह, राम भवन यादव, अश्वनी पाण्डेय, अनिल कनौजिया, प्रवीण श्रीवास्तव, हृदय विकास पाण्डेय, संजय यादव, विजय यादव, सुधीर तिवारी, समीउल्लाह अंसारी आदि उपस्थित रहे