छठ महापर्व-2026 के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न छठ पूजा घाटों का पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया गया जायजा
अम्बेडकरनगर। पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में आगामी छठ महापर्व-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 13.11.2026 को जनपद के विभिन्न क्षेत्राधिकारियों द्वारा अपने-अपने सर्किल अन्तर्गत स्थित प्रमुख छठ पूजा घाटों का भ्रमण एवं निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, जलस्तर, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी जलालपुर द्वारा थाना कटका क्षेत्रान्तर्गत गोविंद साहब घाट थाना जैतपुर क्षेत्रान्तर्गत तिघरा घाट एवं बंदीपुर घाट तथा थाना जलालपुर क्षेत्रान्तर्गत पक्का घाट का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
इस दौरान घाटों पर जलस्तर, श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा छठ पूजा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी टाण्डा द्वारा प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली टाण्डा के साथ सरयू नदी स्थित केवटहिया घाट, दरगाही घाट, काली घाट एवं गोलाघाट मुबारकपुर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षित आवागमन, जलस्तर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित को आवश्यक सुरक्षात्मक प्रबंध सुनिश्चित करने तथा छठ पूजा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
क्षेत्राधिकारी आलापुर जितेन्द्र कुमार सिंह द्वारा आगामी छठ महापर्व के दृष्टिगत चहोड़ा घाट का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जलस्तर, आवागमन मार्ग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार द्वारा थाना बेवाना क्षेत्रान्तर्गत रसूलपुर दियरा स्थित तालाब घाट का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया।
इस दौरान थाना बेवाना, जनपद अम्बेडकरनगर एवं थाना दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर के संबंधित थाना प्रभारियों के साथ वार्ता कर छठ पूजा के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक चर्चा की गई।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे छठ महापर्व का आयोजन सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
छठ महापर्व के दृष्टिगत सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश
पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर सुश्री प्राची सिंह द्वारा जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। घाटों पर संभावित भीड़ के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
इसके अतिरिक्त जलस्तर एवं घाटों की भौगोलिक स्थिति के अनुसार आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं तथा संबंधित विभागों, नाविकों एवं गोताखोरों के साथ समन्वय बनाए रखा जाए। अधिक भीड़ वाले प्रमुख घाटों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए आवश्यकतानुसार ड्रोन से निगरानी एवं नाव तथा स्टीमर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अम्बेडकरनगर पुलिस समस्त श्रद्धालुओं एवं जनपदवासियों से अपील करती है कि छठ महापर्व के दौरान निर्धारित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें, गहरे पानी में जाने से बचें, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।