बचपन स्कूल व एबी इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया दमखम
नौतनवा (महराजगंज)। बाल दिवस के अवसर पर नौतनवा स्थित बचपन स्कूल एवं एबी इंटरनेशनल स्कूल में चिल्ड्रन्स डे का प्री-सेलिब्रेशन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन के दौरान खो-खो, कबड्डी, रेस, चेयर रेस, वॉलीबॉल, एमिंग और सैक रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं छोटे बच्चों के लिए बॉल रेस, पिकिंग टेल और चेयर रेस जैसी मनोरंजक गतिविधियां रखी गईं। बच्चों ने खेलों के नियमों को समझते हुए पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इसके साथ ही बच्चों ने फूड स्टॉल का भी आनंद उठाया।
14 नवंबर को शिक्षकों की ओर से बच्चों के लिए विशेष असेंबली का आयोजन किया गया। आकर्षक प्रस्तुति देखकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। खास बात यह रही कि शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया और उनके साथ बच्चा बनकर खूब मस्ती की। इस दौरान सभी शिक्षकों ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ने बाल दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बच्चों को शुभकामनाएं दीं। वहीं स्कूल के चीफ एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर वीरेंद्र तिवारी ने सभी बच्चों को बाल दिवस की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डायरेक्टर अंजली ने बच्चों को हमेशा खुश रहकर अपने कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खुशी और सकारात्मकता के साथ किया गया हर काम बेहतर परिणाम देता है। उन्होंने टीम वर्क के महत्व को समझाते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, बेहतर प्रदर्शन की क्षमता और सामूहिक रूप से काम करने की भावना विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि हर बच्चा विशेष है और प्रत्येक बच्चे में अपनी अलग प्रतिभा एवं क्षमता होती है। शिक्षकों और अभिभावकों का दायित्व है कि वे बच्चों की खूबियों और ताकत को पहचानकर उनका उचित मार्गदर्शन करें। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि उनके लिए हर बच्चा एक गुरु के समान है, जो उन्हें हमेशा कुछ नया सिखाता है। बच्चे ही उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी से अपने अंदर के बच्चे को हमेशा जीवित रखने और खुश रहने की अपील की।
कार्यक्रम में मृदुल, सामर्थ, शानवी, अमन, अंश, अशमित, मिष्टी, रेयांश, आस्था, प्रियांशी, देव, शिखा, नितेश, वेदांश, रुद्र और समृद्धि सहित बड़ी संख्या में बच्चों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मोनिका, तेजस्वी, वैष्णवी, ईशा, प्रीति, अंजली, मनिता, रिंकल, इशिता, अंशिका, श्रद्धा, परमजीत, काशिफ, डाली, दीपिका, प्रतिभा, अरविंद, स्वाति, नूर और गवशूल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।