पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह आज करेंगे औपचारिक उद्घाटन, 5,100 मातृशक्ति करेंगी ‘शत माता’ पूजन
18 नवंबर तक चलेगा सात दिवसीय आयोजन, समर सिंह व शर्मा बंधु सहित जुटेंगे देशभर के दिग्गज कलाकार
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । श्रीराम की तपोस्थली भरतकुंड में एक बार फिर आस्था, अध्यात्म और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम सज गया है। भरतकुंड महोत्सव न्यास के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 28वें भरतकुंड महोत्सव का आगाज जन कल्याण महायज्ञ और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के साथ हो गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने आहुतियां डालकर विश्व कल्याण की कामना की। 18 नवंबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय भव्य आयोजन में धर्म और अवध की संस्कृति की छटा बिखरेगी।
मातृशक्ति के पूजन के बाद पर्यटन मंत्री करेंगे उद्घाटन महोत्सव के संस्थापक व सचिव अमरीश चंद्र पांडे ने बताया कि आयोजन का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार सुबह 10 बजे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह करेंगे। यह कार्यक्रम बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान के नेतृत्व में संपन्न होगा। उद्घाटन समारोह से पूर्व सुबह 9 बजे 5,100 मातृशक्तियों (महिलाओं) द्वारा भव्य रूप से ‘शत माता’ की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को भी महोत्सव में आमंत्रित किया गया है, जिनके आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं। हजारों बच्चियों का ‘गरबा रास’ और भरत चरित्र की बहेगी बयार सात दिनों तक चलने वाले इस मेले में प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। महोत्सव में जहां एक ओर भरत चरित्र पर विद्वानों के व्याख्यान होंगे, वहीं दूसरी ओर हजारों बच्चियों द्वारा एक साथ प्रस्तुत किया जाने वाला निशुल्क ‘गरबा रास’ आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। अवध के आंगन में जुटेंगे देशभर के नामी कलाकार महोत्सव में उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के साथ-साथ मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और दिल्ली से सैकड़ों कलाकार अपनी लोक कलाओं का प्रदर्शन करने पहुंच रहे हैं। सांस्कृतिक संध्याओं में देश की कई नामचीन हस्तियां अपनी प्रस्तुति देंगी 16 नवंबर भोजपुरी के प्रसिद्ध अभिनेता व गायक समर सिंह अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे। 17 नवंबर सुप्रसिद्ध लोक गायिका करीना पांडे अपनी प्रस्तुति देंगी। प्रमुख आकर्षण अंतरराष्ट्रीय भजन गायक शर्मा बंधु, विश्व विख्यात कलाकार मुस्कान प्रजापति तथा महोबा से आल्हा-ऊदल की वंशज प्रतीक्षा यादव और दीक्षा यादव वीर रस से भरपूर आल्हा गायन प्रस्तुत करेंगी। आयोजन समिति के अनुसार, यह महोत्सव पूरे क्षेत्र के लिए आस्था, कला और सामाजिक उल्लास का एक बड़ा केंद्र साबित होगा।