बस्ती 11 नवम्बर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसी क्रम में जनपद बस्ती के 14 नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की। इसमें जनपद बस्ती के 195 लाभार्थियों के खातों में कुल 9 करोड़ 67 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन अंतरित की गई।
जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एनआईसी में लाभार्थी श्रीमती आशा, श्रीमती राजकुमारी, श्रीमती मंजू यादव, श्रीमती ज्ञानमती, श्रीमती निधि दुबे एवं श्रीमती गीता देवी को प्रतीकात्मक चेक गो सेवा उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक हर्रैया के प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, विधायक कप्तानगंज के प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने संयुक्त रूप प्रदान किए ।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती , अपर सांख्यिकीय अधिकारी अजय कुमार चौधरी, तथा नायब तहसीलदार बस्ती सदर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।