अयोध्या के नजरबाग स्थित गुरुद्वारे में 20वां महान गुरमत समागम आयोजित, देशभर से उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या के नजरबाग स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक गोविंद धाम में सोमवार को 20वें महान गुरमत समागम का भव्य एवं अलौकिक आयोजन संपन्न हुआ। खालसा फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित यह वार्षिक धार्मिक समागम श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गुरता गद्दी दिवस तथा श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के बंदी छोड़ दिवस को समर्पित रहा। इस पावन अवसर पर पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे संत-महात्माओं और हज़ारों श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दीपावली के अगले दिन की परंपरा का 20वां वर्ष
समारोह की जानकारी देते हुए मुख्य प्रबंधक एवं निर्देशक जत्थेदार बाबा महेंद्र सिंह जी ने बताया कि हर वर्ष दीपावली के अगले दिन इस धार्मिक समागम की परंपरा रही है और इस वर्ष इसका 20वां आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नानकसर, सिधवां (करनाल) से बाबा जी का विहंगमी जत्था विशेष रूप से पधारा। समागम में अमर शहीद संत बाबा जगन सिंह जी और अमर शहीद संत बाबा राम सिंह जी (नानकसर, सिधवां, करनाल) की पावन प्रेरणा व संत परंपरा से जुड़े संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। गुरबाणी और कीर्तन से गुंजायमान हुआ गुरु दरबार कार्यक्रम के दौरान सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनवरत भजन-कीर्तन एवं धार्मिक प्रवचनों का दौर चला। संत बाबा त्रिलोचन सिंह जी (नानकसर, सिधवां) सहित संत मंडली ने संगतों को गुरबाणी के जरिए प्रभु भक्ति का मार्ग दिखाया। इस दौरान दिल्ली से भाई सहज दीप सिंह जी और लखनऊ से भाई सतवीर सिंह जी ने भी विशेष रूप से शिरकत की। “कमाई का दसवां हिस्सा सेवा में लगाएं”जत्थेदार बाबा महेंद्र सिंह जी ने अपने संबोधन में गुरु साहिबान के उपदेशों को रेखांकित करते हुए कहा, “मानव जीवन अत्यंत अनमोल है। गुरु साहिबान का संदेश है कि जीवन को केवल सांसारिक उलझनों में न गंवाकर प्रभु सिमरन, सत्कर्म और सेवा में लगाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी नेक कमाई का दसवां हिस्सा (दसवंद) समाज सेवा और धार्मिक कार्यों में अर्पित करना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि परमात्मा की ज्योति हर जीव में विद्यमान है, इसलिए सभी को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ रहना चाहिए।
दूर-दराज के जिलों से पहुंचीं विशाल संगते इस समागम में उत्तर प्रदेश के दर्जनों जिलों—कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, लखनऊ, बहराइच, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, बलरामपुर और बरेली से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समूह सेवादारों, रामसनेही घाट क्षेत्र तथा अयोध्या एवं अयोध्या कैंट की संगत का विशेष सराहनीय सहयोग रहा।