12 नवंबर को मनाया जाएगा विधिक सेवा दिवस, कमजोर वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति किया जाएगा जागरूक
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद बस्ती में आगामी 12 नवंबर 2026 को विधिक सेवा दिवस मनाया जाएगा। इसका आयोजन जनपद के समस्त तहसील मुख्यालयों एवं जिला मुख्यालय स्तर पर किया जाएगा।
उक्त जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने दी। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक ‘न्याय सबके लिए’ की भावना का प्रचार-प्रसार करना है। इसके माध्यम से विशेष रूप से समाज के कमजोर एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लोगों को निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय पाने के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। न्याय प्राप्त करने का अधिकार अमीर और सामान्य वर्ग के व्यक्ति की तरह ही गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति को भी प्राप्त है। कानून की नजर में सभी को समान अवसर मिलना चाहिए और न्याय के लिए किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि विधिक सेवा दिवस के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने का प्रयास किया जाएगा।