पुरानी बस्ती पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई, चोरी की आठ लिथियम बैटरी के साथ दो गिरफ्तार
चैनपुरवा ओवरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान मिली सफलता, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार मोबाइल भी बरामद
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर नकबजनी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरानी बस्ती पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ लिथियम बैटरी, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 3 नवंबर की भोर में चैनपुरवा ओवरब्रिज की सर्विस लेन पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। उनकी पहचान लवकुश सिंह पुत्र सुबेदार सिंह निवासी दुनियापुरवा, चंगेरी मौजा, थाना उमरीबेगमगंज, जनपद गोंडा तथा सुनील कुमार यादव पुत्र अलखराम निवासी मधवापुर, थाना सोनहा, जनपद बस्ती के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखी एक लिथियम बैटरी बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों की निशानदेही पर चैनपुरवा ओवरब्रिज के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई सात अन्य लिथियम बैटरियां भी बरामद की गईं। इस प्रकार कुल आठ बैटरियां पुलिस के हाथ लगीं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि 29/30 सितंबर की रात जनपद गोंडा के थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम मलाव स्थित इंडस टावर से छह लिथियम बैटरियां तथा 11/12 अक्टूबर की रात थाना उमरीबेगमगंज क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर बनुआ स्थित बोडाफोन-एयरटेल-इंडस टावर से आठ लिथियम बैटरियां चोरी की थीं।
अभियुक्तों के अनुसार, चोरी की गई बैटरियों में से आठ उनके हिस्से में आई थीं, जिन्हें वे गोंडा से निजी साधन के माध्यम से लेकर आए थे। इनमें से एक बैटरी बेचने के लिए बाजार में दिखाने जा रहे थे, जबकि सात बैटरियां चैनपुरवा ओवरब्रिज के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी थीं। पुलिस के अनुसार, चोरी की शेष बैटरियां उनके तीन अन्य साथियों के पास हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना पुरानी बस्ती में मुकदमा अपराध संख्या 226/2026, धारा 2(30), 317(2) बीएनएस एवं 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी है। उनके विरुद्ध गोंडा जनपद के थाना उमरीबेगमगंज में मुकदमा अपराध संख्या 276/26 धारा 303(2), 317(2) के तहत मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती शशांक शेखर राय, एसओजी प्रभारी विकास यादव, एंटी थेफ्ट प्रभारी भानू सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील कुमार गौड़ सहित पुरानी बस्ती थाना पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।