यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के छात्रों को शैक्षिक विवरणों में संशोधन का मौका, 12 नवंबर तक खुलेगा पोर्टल

लखनऊ  उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को अपने शैक्षिक विवरणों में त्रुटियां सुधारने का एक और अवसर दिया है। इसके लिए परिषद की वेबसाइट दो नवंबर से 12 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक खुली रहेगी। इस अवधि में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य पोर्टल पर लॉगइन कर परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों में आवश्यक संशोधन और अद्यतन करा सकेंगे।माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से दो नवंबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, छात्र-छात्राओं के विषय और वर्ग, नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, लिंग, जाति, शिक्षण का माध्यम (हिंदी या अंग्रेजी) और फोटो में त्रुटियों को सुधारा जा सकेगा। इसके अलावा कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक को भी संशोधित कराने की सुविधा मिलेगी। परिषद ने संबंधित प्रधानाचार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी त्रुटियों का निराकरण कराने के निर्देश दिए हैं।परिषद ने कुछ संशोधनों के लिए ऑफलाइन व्यवस्था भी निर्धारित की है। छात्र-छात्राओं की जन्मतिथि में बदलाव, छात्र अथवा माता-पिता के पूरे नाम में संशोधन तथा नियमानुसार विवरण हटाने या दोबारा बहाल करने से संबंधित प्रकरणों में प्रधानाचार्य आवश्यक अभिलेखों के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 16 नवंबर तक आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद संशोधन का कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा। इसलिए विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने यहां पंजीकृत परीक्षार्थियों के शैक्षिक अभिलेखों की जांच कर समय रहते त्रुटियां ठीक करा लें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।संशोधन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए परिषद के क्षेत्रीय कार्यालयों से संपर्क किया जा सकता है। मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव का मोबाइल नंबर 9454457256 और दूरभाष नंबर 0121-2660742, बरेली का 9997525466 और 0581-2576494, प्रयागराज का 9454457246 और 0532-2423265, वाराणसी का 7355004355 और 0542-2509990 तथा गोरखपुर का 6394717234 और 0551-2205271 है। इसके अलावा परिषद के मुख्यालय प्रयागराज के उप सचिव (प्रशासन) से 0532-2623820 पर संपर्क किया जा सकता है। संशोधन के लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर भी जानकारी उपलब्ध है।