लखनऊ सआदतगंज क्षेत्र में चाकू से वार कर रेहान गाजी की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य नामजद आरोपी उजैफा को दुबग्गा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक नवंबर की रात करीब 10:45 बजे आम्रपाली चौकी क्षेत्र में पावर हाउस के पीछे पुलिस की चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में ट्रामा सेंटर भेज दिया।पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को सआदतगंज थाना क्षेत्र के रामनगर, कैंपवेल रोड, बालागंज में रेहान गाजी की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सआदतगंज थाने में मुकदमा संख्या 257/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 352 और 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं और लगातार दबिश दी जा रही थी।इसी बीच एक नवंबर की रात दुबग्गा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का मुख्य नामजद और वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है और कहीं बाहर जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आम्रपाली चौकी क्षेत्र में पावर हाउस के पीछे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान उजैफा उर्फ मोहम्मद हुजैफा पुत्र परवेज अहमद निवासी गुलाब की बगिया, मोहज्जम नगर, अंबरगंज-यासीनगंज, थाना सआदतगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, हत्या में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ आलमबाग, हसनगंज और ठाकुरगंज थानों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक धाराओं में कुल तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। मुठभेड़ स्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की विवेचना भी जारी है।