दीपावली से ठीक पहले बर्तन गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक; नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने पीड़ित दुकानदारों को दी व्यक्तिगत आर्थिक सहायता

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। नाका हनुमानगढ़ी (अयोध्या)। दीपावली और धनतेरस के पावन पर्व से ठीक पहले शहर के नाका हनुमानगढ़ी क्षेत्र स्थित सर्विस सोना बर्तन भंडार (सोना गुप्ता) के गोदाम व दुकान में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस भयानक आग में व्यापारी की गृहस्थी का सामान, जेवर और दुकान में रखा लगभग 20 से 25 लाख रुपये का बर्तन का नया व पुराना स्टॉक जलकर खाक हो गया। शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटें, 20 से 25 लाख का नुकसान त्योहार के मद्देनजर दुकानदारों ने भारी मात्रा में बर्तन और उधार माल मंगाया था। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि पीड़ित व्यापारी द्वारा खुद पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास भी असफल रहा और उन्हें अपनी जान बचाकर बाहर निकलना पड़ा। दुकान में रखा बर्तन का पुराना व नया स्टॉक, सोफा, कूलर, जेवर और व्यापार के लिए रखी नकदी पूरी तरह राख में तब्दील हो गई। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता पहुंचे मौके पर घटना की सूचना मिलते ही नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार व दुकानदारों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया और व्यक्तिगत रूप से आर्थिक सहायता प्रदान की।
शासन और मुख्यमंत्री स्तर से मदद का आश्वासन विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि संकट की इस घड़ी में वे व्यापारियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकारी स्तर पर मिलने वाला मुआवजा और मुख्यमंत्री स्तर से भी हरसंभव मदद दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही विधायक ने व्यापार मंडल और समाज के सक्षम लोगों से भी अपील की है कि पीड़ित व्यापारियों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि वे अपना कारोबार पुनः खड़ा कर सकें। पीड़ित ने लगाई मुआवजे की गुहार पीड़ित व्यापारी सोना गुप्ता व उनके परिवार ने शासन-प्रशासन से भारी आर्थिक क्षति के बाद उचित मुआवजे की गुहार लगाई है, जिससे वे इस आपदा से उबरकर अपने पैरों पर दोबारा खड़े हो सकें।