बस्ती में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 2450 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

बस्ती में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 2450 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

जनपद न्यायाधीश ने लाभार्थियों को वितरित किए कृषि यंत्र, आवास योजना के डेमो चेक और अन्य प्रमाण पत्र

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह (बस्ती क्लब) में रविवार को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत किसानों, दिव्यांगजनों और समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के कुल 2450 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शमसुल हक ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा चयनित दो किसानों को कृषि यंत्रों की चाबी, दिव्यांगजनों को मूक-बधिर यंत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के लाभार्थियों को डेमो चेक, युवाओं को युवा कल्याण विभाग की ओर से खेल किट तथा भूमिहीन परिवारों को कृषि पट्टे के प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के प्रयासों की सराहना की।

जनपद न्यायाधीश ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचता है। इससे योजनाओं का उद्देश्य पूरा होने के साथ ही जनभागीदारी और शासन-प्रशासन के प्रति जनविश्वास भी मजबूत होता है।

इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का भी उद्घाटन किया और मोबाइल वैन में रक्तदान से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए इसे जनसामान्य के लिए उपयोगी बताया।

मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश ने अधिकारियों एवं सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेन्द्र कुमार एवं नोडल अधिकारी अपर जिला जज अनिल कुमार ने पुष्पगुच्छ और लाइव प्लांट भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और बेगम खैर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के प्रति जागरूकता पर नाटक प्रस्तुत किया। वहीं बेगम खैर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के विरुद्ध नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। पुलिस विभाग और सरदार वल्लभभाई पटेल इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से साइबर अपराधों की रोकथाम एवं बचाव के उपाय बताए गए। कौशल विकास विभाग ने भी युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं कौशल विकास से संबंधित जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार प्रथम ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन तथा उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री राम मनोहर नारायण मिश्रा के मार्गदर्शन में जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत मध्यस्थता प्रणाली, पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना और स्थायी लोक अदालत के माध्यम से लोगों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला कारागार में निरुद्ध ऐसे बंदियों, जिनके पास निजी अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें भी विभिन्न न्यायालयों में कुशल अधिवक्ताओं के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जा रही है। राष्ट्रीय लोक अदालत के जरिए न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण के साथ बैंकों द्वारा किसानों को दिए गए ऋण का भी सुलह-समझौते के आधार पर निपटारा कराया जाता है। आमजन को कानूनी जानकारी देने और उनसे संवाद स्थापित करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर पराविधिक स्वयंसेवकों की तैनाती भी की गई है।

कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को जनपद न्यायाधीश ने प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट श्री अनिल कुमार ने जनपद न्यायाधीश को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस अवसर पर परिवार न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश आराधना रानी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के न्यायाधीश मोहम्मद रिवानुल हक तथा सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर पाण्डेय एवं महामंत्री राजेश सिंह को भी स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम कमलेश कुमार, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी राम करन यादव, विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट प्रमोद कुमार गिरि, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विराट शिरोमणि, मीनाक्षी सोनकर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप, सिविल जज सीनियर डिवीजन सबिहा खातून सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल किशोर श्रीवास्तव, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल शैलजा कुमार पाण्डेय, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल नीतिश कुमार श्रीवास्तव, अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक, पत्रकार एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अंत में नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज श्री अनिल कुमार ने आयोजन में सहयोग देने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इनमें परियोजना निदेशक आनन्द कुमार गुप्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक आलोक कुशवाहा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन राजकीय इंटर कॉलेज की प्रवक्ता श्रीमती मानवी सिंह ने किया। राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन हुआ।