महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। दशरथ महल चौराहा और राम गुलेला चौराहा को प्रशासन द्वारा चारों तरफ से बंद किए जाने के विरोध में स्थानीय दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा है। इस बैरिकेडिंग व रास्ते की बंदी से क्षेत्र की लगभग 500 दुकानों का कारोबार पूरी तरह चौपट हो गया है, जिससे स्थानीय दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार को पीड़ित दुकानदारों ने पूर्व मंत्री तेज नारायण ‘पवन पांडे’ से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि पीड़ित दुकानदारों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बावजूद श्रद्धालुओं और यात्रियों को इन मार्गों से आने-जाने से रोका जा रहा है। राम जन्मभूमि आने वाले दर्शनार्थियों को अमावा मंदिर, राम कचहरी, यज्ञशाला पॉइंट, भरत महल पॉइंट और दशरथ महल पॉइंट से वापसी के समय प्रशासन द्वारा रोक दिया जाता है, जिससे स्थानीय छोटे दुकानदारों का व्यापार पूरी तरह ठप हो गया है। व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद पूर्व मंत्री पवन पांडे ने कहा कि वह जल्द ही प्रभावित व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी (DM) से समय लेकर इस संबंध में वार्ता करेंगे भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पवन पांडे ने कहा, आज भाजपा सरकार में अयोध्या का मूल व्यापारी अत्यंत परेशान और भुखमरी की कगार पर है, जबकि बाहर से आए लोगों को व्यापार का अवसर दिया जा रहा है। अयोध्या के व्यापारी 2027 के चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे और प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार बनाकर अयोध्या को खुशहाली के रास्ते पर ले जाएंगे। इस अवसर पर राम विलास, सत्य प्रकाश गुप्ता, अभय सिंह, विजय प्रकाश, गोपाल, श्रावण कुमार गुप्ता, सौरभ जयसवाल, मालती देवी, कुलदीप, अनीता, मनीष, अरिहंत गुप्ता, अमित गुप्ता सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे। साथ ही सपा महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम, चौधरी श्रीचंद यादव, प्रवक्ता राकेश यादव, वीरेंद्र गौतम, अंसार अहमद बब्बन और शहबाज लकी भी मौजूद रहे।