महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। नगर के देवकाली रोड, तुलसीनगर स्थित रास बिहारी सदन (बाबा बद्री दास का स्थान) में अनंत विभूषित साकेतवासी महंत सियाराम दास महाराज का वार्षिक भंडारा एवं धार्मिक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में अयोध्या धाम के विशिष्ट साधु-संतों, महात्माओं और बड़ी संख्या में गृहस्थ श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन से हुई शुरुआत
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत विधि-विधानपूर्वक श्री सीताराम जी एवं श्री हनुमान जी महाराज के पूजन-अर्चन और सुमधुर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इस अवसर पर पूरे रास बिहारी सदन परिसर को भव्य व आकर्षक रूप से सजाया गया था। दोपहर से ही भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पुण्यस्मृति में प्रतिवर्ष होता है आयोजन आयोजन के संयोजक महंत सत्यनारायण दास जी महाराज ने बताया कि पूज्य ब्रह्मलीन महंत सियाराम दास जी महाराज की पवित्र पुण्यस्मृति में हर वर्ष इस भव्य भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसमें दूर-दराज से संत-महात्मा और श्रद्धालु आकर महाराज जी के चरणों में नमन करते हैं और महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बनते हैं। कार्यक्रम के अंत में विनीत महंत सत्यनारायण दास जी महाराज, समस्त शिष्यगण एवं भक्तजनों ने कार्यक्रम में पधारे सभी संतों व धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त किया।