पीईटी परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन के लिए परिवहन विभाग सक्रिय, निर्धारित किराया लेने के निर्देश

पीईटी परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन के लिए परिवहन विभाग सक्रिय, निर्धारित किराया लेने के निर्देश

 

टैक्सी स्टैंड, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर चालकों को किया गया जागरूक

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को सकुशल संपन्न कराने तथा परीक्षार्थियों को सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की टीम ने रविवार को जनपद के विभिन्न प्रमुख परिवहन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान टैक्सी स्टैंड, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर वाहन चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।

 

परिवहन विभाग की टीम ने ऑटो, टेंपो, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों को निर्देश दिया कि वे परीक्षार्थियों से निर्धारित किराया दर के अनुसार ही किराया लें। परीक्षार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

 

इसी क्रम में रोडवेज बस अड्डे का निरीक्षण कर परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, बस्ती ने बताया कि परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए बस अड्डे पर पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध हैं। उनकी उपस्थिति में रोडवेज बस चालकों और परिचालकों को परीक्षार्थियों के साथ मधुर व्यवहार करने तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

भ्रमण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी फरीदउद्दीन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (सड़क सुरक्षा) धर्मेंद्र कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव, यात्रीकर अधिकारी शिव कुमार मिश्रा सहित प्रवर्तन दल के कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

परिवहन विभाग की इस पहल का उद्देश्य पीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचाना और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।