यूपी विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा 3 नवंबर को, छह शहरों में बनेंगे केंद्र

लखनऊ । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) की तारीख और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षा तीन नवंबर 2026 को प्रदेश के छह शहरों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी।आयोग के अनुसार, पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा शहर की अग्रिम जानकारी आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी पोर्टल पर लॉगिन करके आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।परीक्षा के प्रवेश पत्र 31 अक्टूबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर की अग्रिम सूचना को प्रवेश पत्र नहीं माना जाएगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए वैध प्रवेश पत्र और निर्धारित पहचान पत्र अनिवार्य होगा। इनके बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा का आधिकारिक विज्ञापन संख्या 03/2026 है। इसका विज्ञापन पांच सितंबर 2026 को जारी किया गया था। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।