बस्ती में 25 अक्टूबर को होगा जिला स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स खेलों का आयोजन
30 से 100 वर्ष तक के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में 25 अक्टूबर को जिला स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स खेलों का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 30 वर्ष से लेकर 100 वर्ष तक के वरिष्ठ महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 31 अक्टूबर और एक नवंबर को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे।
उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को स्टेडियम परिसर में आयोजित आयोजन समिति की बैठक में प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए।
प्रतियोगिता के दौरान 100, 200, 400, 800, 1500, 3000, 5000 और 10000 मीटर दौड़ सहित लंबी कूद, ऊंची कूद, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और हैमर थ्रो जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी अपनी शारीरिक क्षमता, अनुभव और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं बस्ती मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की जिला सचिव नीलू मिश्रा वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। इसके अलावा राना दिनेश प्रताप सिंह, भीमसेन सिंह, साबरा बेगम, राकेश पाण्डेय गुरु जी, वंदना सिंह, रमेश गुप्ता, चंद्र भूषण सिंह, विनोद कुमार, विक्रम प्रताप सिंह, रज्जाक शाह और सुनील सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए।
आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता से वरिष्ठ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बस्ती का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।