शिक्षक निर्वाचन को लेकर मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण सम्पन्न, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

शिक्षक निर्वाचन को लेकर मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण सम्पन्न, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

बस्ती में 14 मतदान केंद्रों पर 2045 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान कराने के निर्देश

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती । गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो ऑब्जर्वर एवं पीठासीन अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सम्पन्न प्रशिक्षण में निर्वाचन कार्मिकों को उनके दायित्वों एवं मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी निर्वाचन कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को भली-भांति समझ लें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण मतदेय स्थलों पर मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद बस्ती में कुल 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2045 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा।

मतदान प्रक्रिया और कार्मिकों के दायित्वों की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. विजय यादव ने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान अधिकारियों के दायित्वों एवं मतदान प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने मतदान सामग्री की जांच एवं सुरक्षा, मतदाता सूची के उपयोग, मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, मतपेटिका तैयार करने, बैलेट बॉक्स खोलने और सील करने की प्रक्रिया तथा मतपत्र लेखा तैयार करने के बारे में विस्तार से बताया।

इसके साथ ही मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने और मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के तरीकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कराएं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रद्युम्न कुमार, अहमद फरीद खान, रश्मि यादव, उमाकान्त तिवारी, हिमांशु कुमार, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार गुप्ता, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, एडीईओ सुभाष सिंह, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।