मिशन शक्ति अभियान 6.0: रुधौली, हरैया और दुबौलिया पुलिस ने चौपाल लगाकर महिलाओं को किया जागरूक
महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी, मूर्ति पंडालों के आसपास की चेकिंग
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत सोमवार, 19 अक्टूबर को जनपद बस्ती के रुधौली, हरैया और दुबौलिया थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ ही शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
थाना रुधौली पुलिस ने थाना क्षेत्र में मूर्ति पंडाल के पास, थाना हरैया पुलिस ने बभनान रोड हरैया के निकट तथा थाना दुबौलिया पुलिस ने ग्राम उमरिया में चौपाल आयोजित की। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति के उद्देश्यों नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के बारे में जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
चौपाल के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 1098 और 108 की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि संकट की स्थिति में इन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके अलावा साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध कॉल और अन्य साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी अपराधों के प्रति जागरूक करें।
वहीं, तीनों थानों की पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर भीड़भाड़ वाले स्थानों और मूर्ति पंडालों के आसपास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे व्यक्तियों को सख्त हिदायत देते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती गई।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना संकोच सहायता लेने और अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की।