माँ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क, नयाघाट चौकी पर हुई अहम बैठक

 

जल पुलिस, SDRF और स्थानीय गोताखोरों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। माँ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अयोध्या पंकज सिंह के नेतृत्व में अयोध्या धाम की चौकी नयाघाट पर जल पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों तथा मांझियों (नाविकों) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए जल पुलिस प्रभारी और एसडीआरएफ प्रभारी के साथ विसर्जन प्रक्रिया की बारीकियों पर चर्चा की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर सुरक्षा मानकों का पूरी मुस्तैदी के साथ पालन किया जाए।‌ दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश 24 घंटे निगरानी: विसर्जन घाटों पर SDRF और जल पुलिस की टीमें अलर्ट मोड पर रहेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। नाविकों और गोताखोरों की तैनाती स्थानीय मांझियों और गोताखोरों को विसर्जन के दौरान लाइफ जैकेट और आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग।श्रद्धालुओं और विसर्जन समितियों के सदस्यों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए नदी में सुरक्षा घेरा (बैरिकेडिंग) बनाने के निर्देश दिए गए।
समन्वय और सूचना: किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों और नियंत्रण कक्ष को देने के लिए कहा गया है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पंकज सिंह अयोध्या ने बताया कि माँ दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित टीमों और स्थानीय सहयोगियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से पालन करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर नयाघाट चौकी प्रभारी प्रवीण मिश्रा जल पुलिस प्रभारी रूबे प्रताप मौर्या और सभी गोताखोर उपस्थित रहे।