डायट में दो शैक्षिक कार्यक्रमों का समापन

डायट में दो शैक्षिक कार्यक्रमों का समापन

-दक्षता, नवाचार और बेहतर विद्यालय प्रबन्धन पर जोर

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शनिवार को दक्ष हस्तपुस्तिका आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण तथा दो दिवसीय नवाचार एवं बेस्ट प्रैक्टिसेज उन्मुखीकरण कार्यशाला का समापन हुआ। दोनों कार्यक्रमों में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावी प्रबंधन और शिक्षण प्रक्रिया को नवाचारपूर्ण बनाने पर जोर दिया गया।

माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों के लिए आयोजित दक्ष हस्तपुस्तिका आधारित प्रशिक्षण में विद्यालय नेतृत्व, लक्ष्य निर्धारण, वित्तीय प्रबंधन, शैक्षिक नवाचार, सामुदायिक सहभागिता, अंतरविभागीय समन्वय, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।समापन समारोह को संबोधित करते हुए डायट प्राचार्य संजय शुक्ल ने कहा कि प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने में है। उन्होंने प्रधानाचार्यों से विद्यालयों को केवल प्रशासनिक इकाई न मानकर शैक्षिक परिवर्तन और नवाचार का केंद्र बनाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण की नोडल अधिकारी डॉ. ऋचा शुक्ला ने बताया कि विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों ने अपने व्यावहारिक अनुभव साझा किए। इनमें डॉ. रविनाथ, डॉ. अश्विनी कुमार श्रीवास्तव, आफताब आलम, शशि दर्शन त्रिपाठी, अमन सेन, डॉ. ऋचा शुक्ला, इंद्र बहादुर वर्मा और योगेश शुक्ल शामिल रहे। प्रशिक्षण को सहभागी एवं समस्या-समाधान आधारित बनाने पर विशेष बल दिया गया। वहीं शिक्षकों के लिए आयोजित दो दिवसीय नवाचार एवं बेस्ट प्रैक्टिसेज उन्मुखीकरण कार्यशाला में शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने, नवीन शैक्षिक गतिविधियों को अपनाने और विद्यालयों में बेहतर कार्यप्रणालियों के प्रयोग पर चर्चा की गई। प्रशिक्षण के नोडल डॉ. गोविन्द प्रसाद ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को उपयोगी नवाचारों एवं बेहतर शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना रहा। दोनों कार्यक्रमों के समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं को उपयोगी बताते हुए कहा कि इनसे विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता और प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। दक्ष हस्तपुस्तिका आधारित प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।