बस्ती सदर में इंजीनियर अरविंद पाल ने तेज की चुनावी तैयारी, जनसंपर्क के जरिए बना रहे मजबूत पकड़
सुख-दुख में शामिल होकर जनता से जोड़ रहे सीधा संवाद, भाजपा नेतृत्व से टिकट मिलने पर सीट जीतकर पार्टी की झोली में डालने का दावा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य इंजीनियर अरविंद पाल ने क्षेत्र में अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। गांवों से लेकर कस्बों तक लगातार लोगों के बीच पहुंचकर वह न केवल जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों के सुख-दुख के सहभागी भी बन रहे हैं।
इंजीनियर अरविंद पाल की बढ़ती सक्रियता ने बस्ती सदर की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। वह क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में पहुंचकर बुजुर्गों का आशीर्वाद ले रहे हैं तथा युवाओं और आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उनकी इस सक्रियता को मिशन-2027 की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों के बीच अरविंद पाल को बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है। लगातार जनसंपर्क, सामाजिक सहभागिता और कार्यकर्ताओं से संवाद के जरिए वह अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। उनके समर्थकों का दावा है कि क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता और सक्रियता लगातार बढ़ रही है।
इस दौरान इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि जनता की सेवा करना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना ही उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें बस्ती सदर विधानसभा से चुनाव लड़ने का अवसर देता है और जनता का आशीर्वाद मिलता है तो वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ है। पार्टी नेतृत्व ने भरोसा जताया तो वह बस्ती सदर विधानसभा सीट भाजपा की झोली में डालने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा बस्ती सदर सीट पर विजय हासिल करेगी।
फिलहाल इंजीनियर अरविंद पाल की लगातार बढ़ती जनसक्रियता ने बस्ती सदर विधानसभा के राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। अब सबकी निगाहें भाजपा के टिकट वितरण और मिशन-2027 की चुनावी रणनीति पर टिकी हैं।








Views Today : 24447
Who's Online : 24