गोपालन के लिए साहीवाल गाय स्वदेशी नस्लों में सर्वोत्तम : डॉ. बलराम चौरसिया
अहिरौला एवं हरिहरपुर में आयोजित गोपालक गोष्ठी में पशुपालकों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी, निःशुल्क वितरित की गई पशु स्वास्थ्यवर्धक औषधियां
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। गोपालन के लिए साहीवाल गाय को स्वदेशी नस्लों में सर्वोत्तम माना जाता है। इसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होने के कारण यह जल्दी बीमार नहीं पड़ती, जिससे पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन पर कम खर्च करना पड़ता है और उनकी आय में वृद्धि की संभावना रहती है। यह बातें डिप्टी सीवीओ भानपुर डॉ. बलराम चौरसिया ने अहिरौला एवं हरिहरपुर में आयोजित गोपालक गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने गोवंश की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गाय का दूध, मूत्र और गोबर विभिन्न उपयोगी गुणों से युक्त होते हैं। दूध का नियमित सेवन संतुलित आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वहीं गोबर से तैयार कम्पोस्ट खाद का खेतों में प्रयोग करने से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है और धरती का स्वास्थ्य बेहतर होता है।
डॉ. चौरसिया ने पशुपालकों को साहीवाल नस्ल की गायों के पालन के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इनकी बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के कारण उपचार एवं स्वास्थ्य प्रबंधन पर होने वाला खर्च कम हो सकता है। इससे गोपालन को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
गोष्ठी के दौरान पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही पशु स्वास्थ्यवर्धक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. एसके श्रीवास्तव, अंकुर, फूलचंद्र, चंद्रकिशोर, राधेश्याम, पशुधन प्रसार अधिकारी एसके पांडेय, पैरावेट संदीप शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






Views Today : 24415
Who's Online : 11