बस्ती में धारा 163 लागू, 27 नवंबर से 25 फरवरी तक सख्त प्रतिबंध; धरना-प्रदर्शन, जुलूस और भीड़ जुटाने पर रोक
परीक्षाओं, त्योहारों और कानून-व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन का बड़ा फैसला, सार्वजनिक स्थानों पर पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट बस्ती एस. सुधाकरन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS)-2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए जिले में भीड़ जुटाने, धरना-प्रदर्शन, घेराव, चक्का जाम और हथियार लेकर चलने समेत कई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 27 नवंबर 2026 से प्रभावी होकर 25 फरवरी 2027 तक लागू रहेगा।
प्रशासन के मुताबिक, दिसंबर 2026, जनवरी और फरवरी 2027 के दौरान कई महत्वपूर्ण त्योहार, राष्ट्रीय पर्व, धार्मिक आयोजन और प्रतियोगी परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। इनमें चौधरी चरण सिंह जन्म दिवस, क्रिसमस डे, नववर्ष, मकर संक्रांति, शबे बरात, गणतंत्र दिवस, बसंत पंचमी और संत रविदास जयंती शामिल हैं। इसके अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा, UPPSC, CTET और PGT जैसी परीक्षाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
आदेश के तहत किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के समूह में एकत्र होने की अनुमति नहीं होगी। किसी सभा, कार्यक्रम या सामूहिक आयोजन के लिए संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट अथवा जिला मजिस्ट्रेट से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति भीड़ जुटाने पर प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन माना जाएगा।
जनपद में प्रतिबंधित अथवा अवैध अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर रोक लगाई गई है। बंदूक, पिस्टल, राइफल, तलवार, कटार, चाकू, लाठी, भाला और विस्फोटक पदार्थ लेकर सार्वजनिक स्थानों पर जाने की मनाही होगी। सार्वजनिक भवनों, स्थलों और छतों पर पत्थर, ईंट, कंकड़ तथा खाली बोतल जैसे सामान जमा करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
इसके साथ ही सोशल मीडिया, अन्य माध्यमों या किसी भी तरीके से अफवाह फैलाने, किसी समुदाय अथवा वर्ग विशेष को भड़काने वाले पोस्टर-पर्चे लगाने या बांटने पर सख्ती की जाएगी। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले भाषण, गतिविधियां और किसी नई धार्मिक परंपरा की शुरुआत भी प्रतिबंधित रहेगी।
धारा 163 के तहत पुतला दहन, धरना, प्रदर्शन, घेराव, चक्का जाम और हड़ताल जैसी गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। कलेक्ट्रेट परिसर और उसके आसपास भी धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में डीजे तथा लाउडस्पीकर का इस्तेमाल उच्चतम न्यायालय के निर्देशों और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जा सकेगा।
आगामी परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष प्रतिबंध लागू किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 के आदेश का पालन करना होगा। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र से एक किलोमीटर की परिधि में फोटो कॉपी मशीन और स्कैनर का संचालन बंद रहेगा।
परीक्षा केंद्रों के अंदर केवल परीक्षार्थियों और अधिकृत परीक्षकों को प्रवेश मिलेगा। मोबाइल फोन, पेजर, कैलकुलेटर, पेन स्कैनर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ड्यूटी पर तैनात सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, सिख समुदाय के लोग धार्मिक हथियार के रूप में कृपाण धारण करने, वृद्ध एवं दिव्यांग व्यक्तियों द्वारा सहारे के लिए छड़ी या लाठी का उपयोग करने पर आदेश से मुक्त रहेंगे। शव यात्रा, विवाह समारोह और अनुमति प्राप्त धार्मिक जुलूसों को भी निर्धारित अनुमति की सीमा तक छूट दी गई है। हालांकि, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधात्मक आदेश का उद्देश्य जनपद में शांति बनाए रखना, त्योहारों को सुरक्षित संपन्न कराना, परीक्षाओं में व्यवधान रोकना और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। निर्धारित अवधि के दौरान नागरिकों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाह या अवांछित गतिविधि से बचने की अपेक्षा की गई है।







Views Today : 24336
Who's Online : 36