बाल विवाह के खिलाफ बस्ती में अपराजिता सामाजिक समिति ने चलाया जागरूकता अभियान, निकाला मशाल जुलूस
हर्रैया ब्लॉक प्रमुख के नेतृत्व में निकली जागरूकता रैली, समूह सखियों का हुआ संवेदीकरण; रात्रि चौपाल और कैंडल मार्च में ग्रामीणों ने लिया बाल विवाह रोकने का संकल्प
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती 27 नवम्बर 2026 । भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर बस्ती जिले में अपराजिता सामाजिक समिति की ओर से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जागरूकता रैलियां, मशाल जुलूस, कैंडल मार्च और गांवों में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं, युवाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां निकालकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान बाल विवाह के सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए इसकी रोकथाम में समुदाय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी समूह सखियों का संवेदीकरण किया गया। उन्हें बाल विवाह की पहचान करने, इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और गांवों में परिवारों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। संस्था ने समूह सखियों से अपने-अपने क्षेत्रों में बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की।
मशाल जुलूस और कैंडल मार्च के माध्यम से ग्रामीणों ने बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की। रात्रि चौपाल में लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने परिवार और गांव में बाल विवाह नहीं होने देंगे। कहीं भी इस तरह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।
अपराजिता सामाजिक समिति की निदेशक किरण बैस ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए केवल जागरूकता कार्यक्रम पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समुदाय के भीतर जिम्मेदार नेतृत्व विकसित करना भी जरूरी है। समूह सखियां, महिला स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण नेतृत्वकर्ता इस बदलाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं। हर बच्ची को शिक्षा, सुरक्षा और अपना भविष्य चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। प्रशासन, सामाजिक संगठनों और समुदाय के सामूहिक प्रयासों से बस्ती को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकता है।
जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर को 27 नवंबर को बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार किया था। यह भारत में शुरू हुए बाल विवाह विरोधी अभियान के लिए ऐतिहासिक वैश्विक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर शुरू हुआ सामाजिक बदलाव सामूहिक प्रयासों से वैश्विक आंदोलन का रूप ले सकता है।
उन्होंने बताया कि जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के 300 से अधिक सहयोगी संगठन देश के 782 जिलों में बाल विवाह उन्मूलन के लिए काम कर रहे हैं। नेटवर्क के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में देशभर में साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं।
अपराजिता सामाजिक समिति ने अभिभावकों, महिला समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, धर्मगुरुओं और युवाओं से बाल विवाह के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। संस्था ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही बच्चों को सुरक्षित, शिक्षित और बेहतर भविष्य दिया जा सकता है।







Views Today : 24339
Who's Online : 35