मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

 

बस्ती के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, पात्र नागरिक भर सकेंगे फार्म-6

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद बस्ती में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनपद की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—307 हर्रैया, 308 कप्तानगंज, 309 रूधौली, 310 बस्ती सदर और 311 महादेवा (अ.जा.) के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। दोनों निर्धारित तिथियों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे।

 

उन्होंने बताया कि कैंपों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को आवेदन भरने और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

 

आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज देना होगा

 

विशेष कैंप के दौरान पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ निर्धारित आवश्यक दस्तावेज, अद्यतन फोटो तथा जन्मतिथि और निवास से संबंधित विवरण प्रस्तुत करना होगा। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध होने पर उसकी प्रति सहायक दस्तावेज के रूप में दी जा सकती है।

 

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नागरिक संबंधित पदाभिहित स्थल, तहसील कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय से भी आवश्यक फार्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। इच्छुक नागरिक निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 जमा कर सकते हैं।

 

उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित विशेष कैंपों का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।