मिशन शक्ति 6.0: उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में 400 छात्राओं को मिला करियर मार्गदर्शन
महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और नारी सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के तहत गुरुवार को महिला थाना बस्ती की ओर से उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में करियर गाइडेंस एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 400 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर कुलदीप यादव के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह ने छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), जेईई मेन्स, नीट, सीडीएस, बैंकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को योजना का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
नारी सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

डॉ. शालिनी सिंह ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का संदेश दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों, आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस से संपर्क करने के तरीकों और आत्मरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्राएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और शिक्षा के माध्यम से समाज में अपनी सशक्त पहचान बनाएं।
प्रधानाचार्या ने पुलिस की पहल को सराहा
विद्यालय की प्रधानाचार्या शशिप्रभा त्रिपाठी ने बस्ती पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए महिला थाना प्रभारी और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के ज्ञान, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मिशन शक्ति एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से संबंधित पम्पलेट और उपयोगी पाठ्य सामग्री वितरित की गई। वहीं, कुछ छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा विषय पर अपनी प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।
महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत आगे भी शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्राओं और महिलाओं तक सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं शिक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके।