हर्रैया में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके

हर्रैया में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके

 

फिशिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी और नौकरी-लोन के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और छात्र-छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को थाना हर्रैया की साइबर पुलिस टीम ने तिवारी ट्यूटोरियल्स एंड डिजिटल लाइब्रेरी, कस्बा हर्रैया में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे सतर्क रहने की अपील की गई।

 

पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी हर्रैया सुश्री स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक हर्रैया संजय कुमार ने किया।

 

जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस टीम ने सोशल मीडिया फिशिंग, फर्जी सपोर्ट अकाउंट, अर्जेंट डीएम, फर्जी लॉगिन लिंक, एपीके स्कैम, नौकरी और लोन के नाम पर ठगी, ओटीपी स्कैम, लॉटरी एवं इनाम के नाम पर धोखाधड़ी तथा अनजान लिंक के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा संदिग्ध एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचें।

 

पुलिस टीम ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी भी दी। इसके साथ ही थाना हर्रैया का सीयूजी नंबर 9454403112 साझा किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क किया जा सके।

 

अभियान का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है, जिससे साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं से बचाव हो सके और किसी आपात स्थिति में समय पर सहायता प्राप्त की जा सके।

 

जागरूकता अभियान में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्र, कांस्टेबल विवेकानंद यादव, राजेश यादव, धर्मेंद्र यादव और राम विजय यादव शामिल रहे।