रुधौली पुलिस ने विद्यार्थियों और महिलाओं को किया जागरूक, यातायात नियमों व साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

रुधौली पुलिस ने विद्यार्थियों और महिलाओं को किया जागरूक, यातायात नियमों व साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

 

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं को सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

 

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी रुधौली अनिल कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में रुधौली पुलिस द्वारा बुधवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत आरकेपी स्कूल छतरिया में विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। वहीं, मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत ग्राम सुरुवार कला स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।

 

प्रभारी निरीक्षक रुधौली संजय कुमार दुबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार त्रिपाठी और कांस्टेबल रंजीत मौर्या की कम्युनिटी पुलिस टीम ने आरकेपी स्कूल में बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने, एटीएम का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।

 

वहीं, मिशन शक्ति फेज-6.0 के प्रथम चरण के तहत मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन तिवारी, हेड कांस्टेबल संदीप मिश्रा, महिला आरक्षी अंजू और महिला आरक्षी मनभावती चौहान ने सुरुवार कला के दुर्गा पूजा पंडाल में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में करीब 50 समूह सखियों और अन्य महिलाओं ने प्रतिभाग किया। पुलिस टीम ने महिलाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

 

अभियान के दौरान वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।

 

पुलिस टीम ने देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता, 2023; भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023; तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023—के संबंध में भी जानकारी दी। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, ऑनलाइन एवं सोशल मीडिया धोखाधड़ी, ओटीपी चोरी, यूपीआई फ्रॉड और साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए।

 

पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या महिला अपराध की स्थिति में बिना डरे आवाज उठाएं और तत्काल पुलिस की सहायता लें। साथ ही, जागरूकता अभियान में मिली जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाकर साइबर अपराधों की रोकथाम में सहयोग करें।