स्वर्गीय अब्दुल खैर साहब की पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, सामाजिक योगदान को किया याद
बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को बताया अविस्मरणीय
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज, बस्ती में शुक्रवार को स्वर्गीय अब्दुल खैर साहब की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या मुस्लिमा खातून ने कहा कि स्वर्गीय अब्दुल खैर साहब ने समाज के शोषित, वंचित और बेसहारा लोगों के उत्थान के लिए अनेक सामाजिक एवं नेक कार्य किए। समाज के प्रति उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझते हुए सभी वर्गों तक निःशुल्क एवं सस्ती शिक्षा पहुंचाने का प्रयास किया और इसके लिए कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना की।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अब्दुल खैर साहब का जीवन समाजसेवा, शिक्षा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय अब्दुल खैर साहब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।








Views Today : 24449
Who's Online : 24