एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने रामलीला मेला मैदान का किया निरीक्षण

*एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने रामलीला मेला मैदान का किया निरीक्षण*

 

साफ-सफाई, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

 

बहराइच। आदर्श श्रीरामलीला दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एसडीएम मिहींपुरवा मोनालिसा जौहरी ने सीओ मिहीपुरवा और एसओ के साथ रामलीला मेला मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारी सौंपने और सभी तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पुलिस अधिकारियों को मेले में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके लिए पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित रखें।

विद्युत व्यवस्था के संबंध में एसडीएम ने विद्युत विभाग के एसडीओ को मेला परिसर में समुचित रोशनी और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत तारों, कनेक्शनों और अन्य उपकरणों की जांच कराने पर जोर दिया, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

वहीं, साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मिहीपुरवा को मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़े के उचित निस्तारण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए रामलीला महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।निरीक्षण के दौरान सीओ, एसओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।