नवागत एसपी ओमवीर सिंह ने अधिकारियों के साथ की बैठक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

नवागत एसपी ओमवीर सिंह ने अधिकारियों के साथ की बैठक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। नवागत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती स्थित सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के कार्यक्षेत्र एवं दायित्वों की जानकारी लेते हुए जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

बैठक में एसपी ने अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने थाना स्तर पर पुलिसिंग को प्रभावी बनाने, आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। साथ ही कानून-व्यवस्था से संबंधित परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

 

बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद के पत्रकारों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद को महत्वपूर्ण बताते हुए जनहित से जुड़े मामलों में सकारात्मक सहयोग पर बल दिया।

 

नवागत एसपी ने जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।