क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

-विजेताओं को मेडल देकर किया गया सम्मानित

 

 

हर्रैया। बीआर इंटर कॉलेज हर्रैया के तत्वावधान में शुक्रवार को नेशनल इंटर कॉलेज हर्रैया में दो दिवसीय क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। आयोजक विद्यालय के अध्यक्ष मनोहर लाल गुप्ता और आयोजन स्थल के प्रबंधक सौरभ सिंह ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। पहले दिन विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने गोला फेंक और दौड़ स्पर्धाओं में दमखम दिखाते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता प्रभाकर ओझा, विवेक कुमार श्रीवास्तव और मनोज कुमार राय की देखरेख में संपन्न हुई। मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। गोला फेंक में खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया, वहीं दौड़ स्पर्धाओं में गति और प्रतिस्पर्धा का रोमांच देखने को मिला।

गोला फेंक के अंडर-17 बालक वर्ग में शांति देवी इंटर कॉलेज, बढ़नी के शुभम चौधरी ने प्रथम स्थान हासिल किया। परशुरामपुर के शुभम द्वितीय और विक्रमजोत के अंकित तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-14 बालक वर्ग में गौर के सलमान ने बाजी मारी। छावनी के जूरे जमन द्वितीय और बिहरा के राज यादव तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में हाजी मोहम्मद अमीन इंटर कॉलेज, हर्रैया के किशन पांडेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नेशनल इंटर कॉलेज, हर्रैया के राज द्वितीय और गौर के अखिलेश प्रजापति तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ के अंडर-14 बालक वर्ग में छावनी के शिवा प्रथम, बिहरा बाजार के प्रिंस द्वितीय और परशुरामपुर के अंगद तृतीय स्थान पर रहे। इसी स्पर्धा के अंडर-17 बालक वर्ग में प्रभावती इंटर कॉलेज के सिद्धार्थ पांडेय ने प्रथम स्थान हासिल किया। रामप्यारी इंटर कॉलेज के सूरज द्वितीय और बिहरा इंटर कॉलेज के मोहित तृतीय स्थान पर रहे।प्रतियोगिता को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायकों में हरीश सिंह, प्रभाकर सिंह, जगन्नाथ यादव, अभिषेक कुमार, अखिलेश वर्मा, अमित कुमार मिश्रा, सुरेंद्र शुक्ला, सुभाष यादव, सुनील सिंह, विनोद वर्मा, इंद्रजीत वर्मा, प्रमोद सिंह, पूर्णिमा तिवारी और आदित्य प्रताप सिंह शामिल रहे।कार्यक्रम का संचालन वेद प्रकाश द्विवेदी और पद्मपाणि पाठक ने संयुक्त रूप से किया। आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक कन्नौजिया ने अतिथियों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विनोद प्रकाश वर्मा, बृजेश पासवान, नंदलाल गुप्ता, सूर्य प्रकाश सिंह, यशवंत सिंह सहित अनेक खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।