दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ और दीपावली को लेकर शांति समिति की बैठक, डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ पूजा एवं दीपावली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, प्रतिमा विसर्जन और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले तारों को दुरुस्त करने तथा लोकल फॉल्ट का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के अधिकारियों को प्रतिमा विसर्जन मार्गों का सुदृढ़ीकरण एवं समतलीकरण कराने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि विसर्जन घाटों पर समय से गोताखोर, नाव और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए। विसर्जन के दौरान समय का विशेष ध्यान रखा जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया जाए। पूजा पंडाल सुरक्षित स्थानों पर स्थापित हों, ताकि यातायात बाधित न हो। आरती और पूजन के दौरान आग से बचाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने तथा विद्युत सुरक्षा के सभी इंतजाम समय से पूरे करने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने डीजे का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप करने, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अवैध पटाखों और मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सीएचसी और पीएचसी पर पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता एवं आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र समाधान कराने के भी निर्देश दिए।
मानक के विपरीत डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई: एसपी
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि प्रत्येक पूजा पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध अथवा प्रतिकूल स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को देने की अपील की।
एसपी ने स्पष्ट किया कि पूजा पंडाल और डीजे का संचालन निर्धारित मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। मानक से अधिक ध्वनि पाए जाने पर डीजे संचालक के साथ दुर्गा पूजा आयोजन समिति के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समिति के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों से कार्यक्रम स्थलों पर विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा प्रतिमा विसर्जन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
अधिकारियों और समिति के सदस्यों की रही मौजूदगी
बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एडीएम ज्ञान चन्द्र गुप्ता, एएसपी श्यामकांत, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीआईओएस संजय सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, एआरटीओ माला बाजपेयी, विभिन्न उप जिलाधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि, पत्रकार, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा शांति समिति के सदस्य और नागरिक उपस्थित रहे।